जिले से लगभग 30 चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का होना है स्थानांतरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिला अस्पताल से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक चिकित्सकों की कमी के कारण लोगों को समय पर उपचार नहीं मिल रहा है। अब शासन ने 20 फीसदी चिकित्सकों के स्थानांतरण के निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे जिला अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों पर उपचार कराने के लिए पहुंचने वाले मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शासन ने चिकित्सकों के स्थानांतरण के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला स्तर से लगभग 20 फीसदी चिकित्सकों का स्थानांतरण होना है। दो दिन में शासन स्तर से चिकित्सकों के स्थानांतरण की सूची जारी हो जाएगी। जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों की कमी है। चिकित्सकों के स्थानांतरण होने से अस्पताल में उपचार कराने के लिए पहुंचने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं, सीएमएस डॉ. एसके चौधरी ने बताया कि जिला अस्पताल में बाल रोग व हड्डी रोग विशेषज्ञ की व्यवस्था सीएमओ स्तर से कराई गई है। इसके अतिरिक्त अस्पताल में छह एमबीबीएस और 24 विशेषज्ञों की कमी है। चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए शासन को डिमांड भेजी जा चुकी है। शासन स्तर से चिकित्सकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो दिन में स्थानांतरण होने वाले चिकित्सकों की सूची जारी कर दी जाएगी। प्रत्येक जिले से 20 फीसदी चिकित्सकों का स्थानांतरण होना है। बागपत से लगभग 30 चिकित्सकों व अन्य स्टाफ का स्थानांतरण होने की संभावना है।
चिकित्सकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरे प्रदेश में लागू होगी। जिले से कुछ चिकित्सकों का स्थानांतरण होगा तो कुछ चिकित्सक जिले में स्थानांतरित होकर आएंगे। अस्पताल में उपचार कराने वाले लोगों को उचित उपचार की व्यवस्था कराई जाएगी।-डॉ. दिनेश कुमार, सीएमओ