विधायक के साथ डीएम से मिलने पहुंचे परिजन
- फोटो : amar ujala
बागपत में प्रधानाध्यापक सतपाल शर्मा की हत्या के बाद उसके परिवार को भी जान का खतरा सता रहा है। बसपा के बड़ौत विधायक लोकेश दीक्षित के साथ पीड़ित परिवार ने डीएम से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई। आरोपियों की गिरफ्तारी, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
बुधवार को विधायक के साथ प्रधानाध्यापक की पत्नी उर्मिला देवी, बेटी सीमा और बेटा सोनू कलक्ट्रेट में डीएम ह्दय शंकर तिवारी से मिलने पहुंचे। डीएम को दुखड़ा सुनाते हुए उन्हें जान का खतरा है। केस का मुख्य आरोपी पंकज पाराशर समेत अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। ऐसे में वह कभी भी हत्या करा सकते हैं।
पुलिस की मिलीभगत से प्रधानाध्यापक की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कई आरोपी हिरासत में लेने के बावजूद छोड़ दिए। यहां तक पुलिस आरोपी बबली और कौशल्या को घर तक छोड़कर आई है। पीड़ितों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, शस्त्र लाइसेंस और आर्थिक मदद के साथ-साथ सस्पेंड एसओ सुभाष यादव को बर्खास्त करने की मांग की।
इसके अलावा शेरपुर लुहारा गांव के दो सगे भाई विकास और पप्पू की हत्या के मामले में मृतकों के भाई तिरस पाल ने भी लाइसेंस और मुआवजे की मांग की गई। विधायक ने डीएम से दोनों परिवार को सुरक्षा और आर्थिक मदद देने की मांग की है।