बागपत, दाहा। बामनौली गांव में कार सवार सौरभ को रास्ते में रोककर मारपीट की गई और फिर कनपटी पर राइफल सटाकर हमलावरों ने ट्रिगर दबा दिया। गोली नहीं चलने से सौरभ बच गया और उसने वहां से भागकर पेयजल टंकी के कमरे में घुसकर पुलिस को सूचना दी।
बामनौली गांव के सौरभ ने बताया कि वह अपनी कार से जा रहा था, रास्ते में गांव के सूरज, अर्जुन और अनुज ने गाली-गलौज कर कार रुकवाकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप लगाया कि हमलावरों ने अपनी लाइसेंसी राइफल उसकी कनपटी पर सटा दी और गोली चलाने के लिए ट्रिगर भी दबा दिया। गमीनत रही कि गोली नहीं चली। उसने भागने का प्रयास किया तो तीनों ने बटों से पिटाई कर घायल कर दिया। किसी तरह बचकर पेयजल टंकी के कमरे में घुसा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उधर, हमलावर भी धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने घायल युवक का सीएचसी में उपचार कराया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर सूरज, अर्जुन और अनुज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।