बागपत। यूपी-हरियाणा सीमा विवाद को लेकर दोनों राज्यों के किसान एक बार फिर आमने-सामने हैं। हरियाणा के खुर्मपुर के किसानों ने यूपी के नंगला बहलोलपुर गांव के किसानों की फसल बीती 18 जुलाई की रात ट्रैक्टर से जोत दी थी। जिससे एक बार फिर दोनों राज्यों के किसानों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने सोनीपत के डीसी और एसपी से की थी। जिस पर बृहस्पतिवार को सोनीपत के सीटीएम जितेंद्र जोशी के नेतृत्व में तहसीलदार, पटवारी आदि ने खुर्मपुर पहुंचकर जांच की। अब शुक्रवार को निशानदेही की जाएगी।
किसानों ने ये की थी शिकायत
नंगला बहलोलपुर के किसानों ने बताया था कि वे हरियाणा के खुर्मपुर गांव में 60-70 वर्ष से खेती कर रहे हैं। हमारी भूमि वर्ष 1976-77 से राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। जान माल की सुरक्षा के लिए उन्होंने चंडीगढ़ हाईकोर्ट में रिट डाली थी। जिस पर हाईकोर्ट ने भूमि की निशानदेही कराने का आदेश पारित किया था। किसानों ने इससे संबंधित एक प्रार्थना पत्र 19 अगस्त 2020 को डीसी सोनीपत के कार्यालय में दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि खुर्रमपुर के किसानों ने उनकी जमीन में गैर कानूनी तरीके से पाइपलाइन दबाई थी। उस प्रार्थना पत्र में जो किले नंबर दिए उसी पर डीसी सोनीपत के आदेश पर 32 किले की निशानदेही कराई गई थी।
हालांकि हाईकोर्ट का डीसी को आदेश 248 एकड़ के निशानदेही कराने का था। इस जमीन पर ज्वार व बाजरे की फसल की बुआई की हुई थी। नंगला बहलोलपुर और खुर्मपुर के असामाजिक तत्वों ने बीती 18 जुलाई की रात 19 किसानों की करीब 25 एकड़ फसल जोतकर नष्ट कर दी। इसमें डीसी द्वारा निशानदेही कराई गई भूमि भी है। तीन माह पूर्व इसी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से खुर्मपुर निवासी भाजपा के जिला पार्षद नंदकिशोर व उसके साथियों ने अनिल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। शिकायतकर्ताओं में मनवीर सिंह, महावीर सिंह, विक्रम सिंह, निहाल सिंह व प्रताप सिंह आदि ग्रामीण शामिल रहे।
इन लोगों पर लगाया फसल नष्ट करने का आरोप
नंगला बहलोलपुर के किसानों ने खुर्मपुर निवासी कल्पना शर्मा, अंकुर पुत्र केशवराम, बाबू पुत्र भीम सिंह, इंद्रजीत पुत्र बाले, नत्थू पुत्र मुरारी, सतीश पुत्र हरि सिंह, जोगिंद्र पुत्र ब्रह्मपाल, हरचंद पुत्र बाबूराम, विनोद पुत्र मुरारी, किरण पुत्र लक्ष्मण, इंतर पु्त्र दल्ले और सत्प्रकाश पुत्र बलेराम पर फसल नष्ट करने का आरोप लगाया है।