बड़ौत। नगर के कुछ निजी स्कूल संचालक फीस के नाम पर अभिभावकों और बच्चों का उत्पीड़न कर रहे हैं। शिकायतों के बावजूद भी शिक्षा विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
नाम न छापने की शर्त पर नगर के कुछ अभिभावकों ने बताया कि नगर के कुछ निजी स्कूल संचालक फीस के नाम पर अभिभावकों व बच्चों का उत्पीड़न कर रहे हैं। बताया कि गत एक जुलाई से नया शिक्षा सत्र शुरू हुआ था, इस हिसाब से स्कूल संचालकों को जुलाई माह से ही फीस लेनी चाहिए थी। मगर कुछ निजी स्कूल संचालक गत अप्रैल माह से फीस देने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही फीस न देने पर स्कूल से बच्चों का नाम काटने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने डीएम से प्रकरण में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की। डीआईओएस रविंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर संबंधित स्कूल संचालक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। यदि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।