टिकट नहीं मिलने पर रेल यात्रियों ने किया हंगामा
बड़ौत। नगर के रेलवे स्टेशन पर आरक्षण व्यवस्था यात्रियों के लिए जी का जंजाल बन गयी है। बृहस्पतिवार को भी इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं मिलने से यात्रियों का आरक्षण नहीं हो सका। इसके चलते उन्होंने हंगामा काटा और मामले के समाधान की मांग की।
आरक्षण कराने को लेकर यात्री सुबह से ही लाइन में लग जाते है। बृहस्पतिवार को भी लिंक न आने पर यात्रियों को काफी परेशानियों उठानी पड़ी। यात्री सोनू, अखिलेश, संजीव, प्रमोद, नरेश, पारूल, हरेंद्र पंकज का कहना था कि पिछलें कई दिनों से आरक्षण कराने को लेकर चक्कर काट रहे है, लेकिन आरक्षण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। जब इस संबंध में आरक्षण प्रभारी राजकुमार से बातचीत की गयी तो उनका कहना था कि इस संबंध मेें उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। हमारा प्रयास रहता है कि कोई यात्री बिना आरक्षण कराएं न जाएं। लेकिन इसके बावजूद कभी-कभार लिंक न आने से परेशानी बढ़ जाती है।