बागपत वंदना चौक पर शहीदों की प्रतिमा पर माल्यापर्ण करते भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत
- फोटो : BAGHPAT
बिल्ली को सौंप दी दूध की रखवाली : नरेश टिकैत
समाधान के लिए बनाई सुप्रीम कोर्ट की कमेटी पर बोले भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित कमेटी पर कहा कि यह तो दूध की रखवाली बिल्ली को सौंपने जैसा है। किसान सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करते हैं, लेकिन निर्णय और अधिक सोच-समझकर होना चाहिए था। गणतंत्र दिवस पर हर गांव से किसान तिरंगा झंडा लेकर निकलेंगे। किसी पार्टी या संगठन का नहीं, बल्कि हर ट्रैक्टर पर तिरंगा होगा।
मुजफ्फरनगर के सिसौली से यूपी गेट जाते हुए नगर के राष्ट्रवंदना चौक पर भाकियू अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसानों की मंशा कभी टकराव की नहीं रही। गणतंत्र दिवस देश का राष्ट्रीय पर्व है। किसानों को भी त्योहार मनाने का हक है। हर गांव से किसान तिरंगा लेकर अपने वाहनों पर निकलेंगे। पुलिस रोकेगी तो रुक जाएंगे। किसानों को पुलिस ने दिल्ली बॉर्डर पर भी तो रोक रखा है।
चौधरी नरेश टिकैत ने मसले के समाधान के लिए गठित चार सदस्यीय कमेटी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट सबसे बड़ा है, देश का किसान सुप्रीम कोर्ट का सम्मान करता है। लेकिन जिस तरह कमेटी गठित की गई है, उससे लगता है जैसे दूध की रखवाली बिल्ली को सौंप दी गई है। कमेटी में शामिल लोग खुद कमेटी छोड़ रहे हैं। इस दौरान लाटियान खाप के चौधरी वीरेंद्र लाटियान, बिट्टू आक्खी, इंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।