अमीनगर सराय/बागपत। सिंघावली अहीर क्षेत्र की अमर गैस एजेंसी के पास मंगलवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। इसके अलावा दो अलग-अगल हादसों में दिल्ली पुलिस के एसआई समेत चार लोग घायल हो गए। देर रात एसआई ने दम तोड़ दिया। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सैड़भर गांव निवासी राजेंद्र (45) पुत्र धूम सिंह, बाइक पर सवार होकर मंगलवार की रात में बागपत-मेरठ मार्ग के सराय मोड़ से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही अमर गैस एजेंसी के पास पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने उनको कुचल दिया। राहगीरों ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। उनको अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बिजरौल गांव निवासी नरेश दिल्ली पुलिस में एसआई के पद पर तैनात हैं। वे अपनी पत्नी सत्यवती के साथ कार में सवार होकर बुधवार सुबह अपने घर से बागपत आ रहे थे। जैसे ही काठा गांव के पास पहुंचे, तभी अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने उनको कार से निकाला और बागपत अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उनको दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। दिल्ली में एसआई ने दम तोड़ दिया।
वही निवाड़ा निवासी खुर्शेद अपनी माता जुमरत के साथ बाइक पर सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहा था। जैसे ही पाली गांव के पास पहुंचा, उसकी बाइक की मिनी बस से टक्कर हो गई। इससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।