बागपत। नौरोजपुर गुर्जर में आठ किसानों की 125 बीघा फसल बर्बाद हो गई। इससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा। उन्होंने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
धान की फसल में किसानों को नुकसान पहुंचता जा रहा है। पहले चांदीनगर के रटौल गांव में किसान की फसल अचानक जमीन पर लेट गई, इससे धान की फसल बर्बाद हो गई। अब नौरोजपुर गुर्जर गांव में आठ किसानों की 125 बीघा धान की फसल बर्बाद हो गई। सभी फसल जमीन पर लेट गई। किसान अख्तर, समयद्दीन, अजमत, दीपक भाटी, जगबीर, रूकमद्दीन, ताहिर, हरपाल का कहना है कि शाम के समय फसल की सिंचाई की थी। सुबह के समय खेत पर जाकर देखा तो फसल जमीन पर लेटी पाई।
यह देखते ही उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में अन्य किसानों को इसकी जानकारी दी, लेकिन फसल किस कारण से बर्बाद हुई है इसका पता नहीं चल पाया है। प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। सभी किसानों की एक ही साथ धान को नुकसान पहुंचा है। इस संबंध में जिला कृषि रक्षा अधिकारी पवन विश्वकर्मा ने बताया कि ब्राउन प्लांट हॉपर नाम का कीट धान के तने में पैदा हो जाते है, जो जूस पीकर फसल को बर्बाद कर देते हैं।
अगर इस तरह से 125 किसानों की फसल जमीन पर लेटी है तो इसकी जांच करवाई जाएगी और कारणों का पता लगाया जाएगा। इससे किसान अख्तर की 18, समयद्दीन 20, अजमत 22, दीपक भाटी 05, जगबीर 5, रूकमद्दीन 30, ताहिर 18, हरपाल की सात बीघा फसल बर्बाद हुई है।