गुफा मंदिर पर मेला, हाईंवे पर आज रूट डायवर्ट
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सरूरपुर कलां के पास दिवाली पर लगने वाले मेले की तैयारियां की गईं। दीपावली पर्व पर रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। पुलिस ने मेले को देखते हुए रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। चार जगह बैरियर लगाए गए है। त्योहार पर दिनभर यहां रूट डायवर्ट रहेगा। दीपावली पर्व पर गुफा मंदिर में श्रद्धालु पूजा अर्चना करने आते है।
शनिवार से गुफा मंदिर पर मेला शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर मन्नतें मांगी। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने व्यवस्था बनाकर वाहनों का संचालन कराया। रविवार को मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया है। सीओ सिटी ओमपाल सिंह ने बताया कि मंदिर से पहले ही वाहनों को रोका जाएगा। शामली की तरफ से आने वाले वाहनों को बड़ौत में रोका जाएगा। बड़ौत से कोताना मार्ग, अमीनगर सराय मार्ग पर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। दिल्ली की तरफ से आने वाले वाहनों को नैथला मोड से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा मेरठ की तरफ से आने वाले वाहनों को बाईपास से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर भेजा जाएगा। लधवाड़ी मोड से भी वाहनों को दूसरे रास्ते पर भेजा जाएगा। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर चार जगह बैरियर लगा दिए गए है। मंदिर पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।
------------
सादे कपड़ों में तैनात रहेगी पुलिस
बागपत। गुफा मंदिर पर सादे कपड़ों में पुलिस तैनात की गई है। महिलाओं से चेन स्नेचिंग और छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की एक टीम मेले में गश्त करेगी।
------------
श्रद्धालुओं ने मेले में की खरीदारी
बागपत। गुफा मंदिर पर मेले के लिए दुकानें सज गई है। शनिवार को श्रद्धालुओं ने मेले में खरीदारी की। बच्चों ने दुकानों से खिलौने खरीदें। दिन भर मेले में श्रद्धालुओं की चहल पहल रही।
-------------
एक किलोमीटर तक पैदल चलेंगे श्रद्धालु
बागपत। रविवार को गुफा मंदिर से एक किलोमीटर पहले ही श्रद्धालुओं के वाहनों को रोका जाएगा। श्रद्धालुओं को पैदल चलकर मंदिर तक पहुंचना पड़ेगा। बसों में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
-------------
मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए
बागपत। गुफा मंदिर पर सीटीवी कैमरे में लगाए गए है। मंदिर के अंदर एलसीडी लगवाई गई है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे से मंदिर परिसर की निगरानी करेगी।