बागपत के गुफा मंदिर में पूजा के लिए उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़
- फोटो : amar ujala
बागपत। होली के त्योहार को देखते हुए गुफा बाबा मंदिर में रविवार को श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। वहां पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात रहा।
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर सरूरपुर गांव के पास गुफा बाबा का मंदिर है। होली व दीपावली पर दूरदराज से श्रद्धालु वहां पर आते हैं और पूजा अर्चना करते है। इस बार भी होली से पहले ही वहां पर भक्तों का आवागमन प्रारंभ हो गया। रविवार को सुबह चार बजे से ही मंदिर में श्रद्धालु आने प्रारंभ हो गए थे। यह सिलसिला शाम तक चला। वहां पर बागपत के अलावा मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक के श्रद्धालु आए। एलआईयू की रिपोर्ट के मुताबिक करीब 70 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में प्रसाद चढ़ाया है। बच्चों और महिलाओं ने मेले में खरीदारी की। सुरक्षा की दृष्टि से वहां पर पुलिस तैनात रही।
भक्तों को करना पड़ा अव्यवस्था का सामना
बागपत। भक्तों की संख्या को देखते हुए पुलिस और मंदिर समिति ने वहां पर व्यवस्था नहीं कर रखी है। इसी कारण वहां पर श्रद्धालुओं को अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। वहां पर प्रयाप्त संख्या में पुलिस बल तैनात होना चाहिए।
रूट डायवर्जन कर वाहन निकाले
बागपत। मंदिर के सामने श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती देख पुलिस ने रूट डायवर्ट कर दिया था। बागपत से आने वाले वाहनों को नैथला मार्ग तथा बड़ौत से आने वाले वाहनों को सरूरपुर के रास्ते निकाले गए। दोपहर बाद दोबारा से वाहनों का हाईवे पर आवागमन प्रारंभ हुआ।