बागपत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रधानों से संवाद किया। इस वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न गांवों के प्रधानों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानों को उनके निर्वाचन पर बधाई दी। साथ ही उन्हें कर्तव्य भी याद दिलाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी में नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही ग्राम प्रधानों की चुनौतियां बढ़ी हैं। इसका मजबूती से मुकाबला करना है। उन्होंने प्रधानों को कोरोना से लड़ाई के टिप्स दिए। साथ ही गांवों की अन्य समस्याओं का समाधान कराने और विकास कार्य कराने का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम में मवीखुर्द की नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान बेबी देवी आदि ने भी भाग लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम में काफी कुछ सीखने को मिला। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी से निपटने और विकास कार्यों को लेकर कई मंत्र दिए।
जिले को मिले 149 नए पुलिसकर्मी
बागपत। जिले को 149 नए पुलिसकर्मी मिले हैं। विभिन्न पुलिस ट्रेनिंग सेंटरों में प्रशिक्षण के बाद पासिंग आउट परेड हुई थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों को अलग-अलग जिलों में भेजा गया। शुक्रवार को पुलिसकर्मी पुलिस लाइन पहुंचने शुरू हो गए। उन्होंने अपनी आमद दर्ज करा दी। 149 पुलिसकर्मी मिलने से थानों में चल रही स्टाफ की कमी से काफी राहत मिलेगी। इस संबंध में एएसपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में 149 नए पुलिसकर्मियों ने आमद दर्ज कराई है। इन पुलिसकर्मियों के मिलने से स्टाफ की कमी की समस्या का काफी हद तक समाधान हो जाएगा। जल्द ही इन पुलिसकर्मियों को अलग-अलग थानों में तैनाती दी जाएगी।