संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। रालोद कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को हजूराबाद गढ़ी गांव में हुई। जिसमें प्रदेश सरकार से गन्ने का लाभकारी मूल्य शीघ्र घोषित करने और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान जल्द कराने की मांग की।
ओमपाल उज्ज्वल के आवास पर आयोजित बैठक में रालोद पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष धीरज उज्ज्वल ने कहा कि भाजपा सरकार के चलते किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। दो माह से अधिक समय से चीनी मिलें चल रही हैं, लेकिन इस पेराई सत्र के लिए गन्ने का लाभकारी मूल्य प्रदेश सरकार द्वारा घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इस सत्र के गन्ने का मूल्य 450 रुपये कुंतल होना चाहिए।
राजू तोमर सिरसली ने कहा कि निजी मिल मालिकों के दबाव में भाजपा सरकार इस सत्र का लाभकारी गन्ना मूल्य घोषित नहीं कर रही है। प्रदेश सरकार निजी मिल मालिकों से बकाया गन्ना भुगतान दिलाने की तारीख पर तारीख दे रही है, लेकिन भुगतान नहीं हो रहा है। बैठक में मनोज, योगेंद्र सिंह, अजीत, जगत सिंह, सुरेशपाल, कालूराम, बाबूराम, अशोक, ओमवीर, उदयवीर, प्रवेश उज्ज्वल, सतेंद्र एवं सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।