संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। श्मशान घाट के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी वहां कार्य अधूरे पड़े होने व झाड़ खड़े रहने के कारण आरोप लगे तो अब वहां कार्य शुरू कराए गए है। नगर पालिका ने सबसे पहले वहां की सफाई शुरू कराई है और अब जल्द ही अधूरे पड़े कार्य भी पूरे कराए जाएंगे।
नगर पालिका ने यमुना पक्का घाट के पास करीब चार साल पहले श्मशान घाट का निर्माण कराया था। इसके लिए शासन से करीब सवा करोड़ रुपया मिला था, तो करीब 25 लाख रुपये नगर पालिका ने बाद में कार्य ज्यादा दिखाकर खर्च किया था। लेकिन वहां शौचालयों का निर्माण पूरा नहीं हुआ है और दीवारों को खड़ा करके छोड़ दिया गया है। फव्वारा लगाने के लिए फाउंडेशन बना दिया गया, जो अधूरा पड़ा है। इसके साथ ही वहां अंतिम संस्कार स्थलों के लिंटर भी झुक गए है, जिनके गिरने से किसी भी वक्त हादसा हो सकता है।
इस तरह की स्थिति को देखकर सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी कार्य पूरे नहीं होने पर सवाल उठाए थे और इसकी जांच कराने के लिए डीएम को शिकायत की थी। जिसके बाद सोमवार को वहां स्थिति सुधारने के लिए करीब दस कर्मचारियों को लगाया गया। वहां सबसे पहले सफाई कराई जा रही है और उसके बाद कार्य भी पूरे कराए जाएंगे। नगर पालिका के ईओ राजेश राणा के अनुसार श्मशान घाट की सफाई कराई जा रही है और वहां मरम्मत कार्य भी कराया जाएगा।