बड़ौत। सोने-चांदी के दामों में पिछले कुछ दिनों से गिरावट भले हो रही है, लेकिन वह पिछले कुछ समय में इतने बढ़ चुके हैं कि कम होने के बाद भी दाम काफी ज्यादा हैं। इन बढ़ते दाम का असर दुल्हन के लिए बनवाए जा रहे जेवरों पर दिख रहा है और दुल्हन के जेवरों का भी वजन हल्का होने लगा है। लोग इस तरह के डिजाइन के आभूषण बनवा रहे हैं, जो वजन में हल्के व दिखने में भारी लग रहे हैं।
सहालग के सीजन में रोजाना सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। जिन लोगों को अपने बेटे व बेटी की शादी करनी है तो उनकी टेंशन ज्यादा बढ़ी हुई है। भाव के अनुसार डिजाइनों व वजन को बार-बार बदलवा रहे हैं। सहालग शुरू होते ही लोग खरीदारी में जुटे हुए हैं। दुकानों पर जाकर लोग अपने बजट के अनुसार कम वजन वाले आभूषण तैयार करा रहे हैं। दुल्हन के कानों के झुमके के अलावा चांदी की पायल का भी वजन घट गया है। अजय, दीपक वर्मा, विजय समेत अन्य सराफ का कहना है कि बजट के अनुसार दिखने में भारी व वजन में कम डिजाइनों के आभूषणों के बनवाने की मांग बढ़ी है।
ये बोले व्यापारी
जिन लोगों के घरों में शादी है, सबसे अधिक टेंशन उनको हो रही है। वह रोजाना रेट की जानकारी लेते हैं। रेट भले ही पिछले कुछ दिनों से कम हो रहा है, मगर अभी भी वह कुछ महीने पहले के मुकाबले ज्यादा है। इसलिए ही लोग हल्के वजन के आभूषण तैयार करा रहे हैं। -राकेश वर्मा
महंगाई का असर ग्राहकों के अलावा व्यापार पर भी पड़ा है। लोग भाव पूछकर अपने बजट के अनुसार दिखने में सुंदर, भारी और कम वजन के डिजाइनों के जेवर ले रहे हैं। -प्रभात जैन