उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में रमाला थानाक्षेत्र में युवती की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।कासिमपुर खेड़ी गांव में मंगलवार शाम एक युवक ने घर में घुसकर प्रेमिका गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना की सूचना पाकर एसपी अभिषेक सिंह भी फोर्स के साथ गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने मुख्य आरोपी और एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कासिमपुर खेड़ी गांव निवासी 22 वर्षीय अर्चना मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान गांव का ही विनय पुत्र भूपेंद्र अपने एक साथी के साथ घर में तमंचा लेकर घुस आया। उसने अर्चना के सिर में दो गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह साथी समेत मौके से भाग निकला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आरोपी विनय को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी फरार है। घटना के बाद एसपी अभिषेक कुमार, एडिशनल एसपी मनीष मिश्रा मौके पर पहुंचे। गांव में एहतियात के तौर पर फोर्स तैनात कर दी गई है। इंस्पेक्टर का कहना है कि घटना की तहरीर मिल गई है। मुख्य आरोपी विनय को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आरोपी ने परिजनों पर भी किया था हमला
अर्चना के भाई कैलिश उर्फ कपिल ने बताया कि कुछ दिन से अर्चना और कपिल की बातचीत होती थी। परिजनों के समझाने पर अर्चना ने उससे दूरी बना ली। जिसके बाद आरोपी उसे परेशान कर रहा था। वह लगातार धमकी दे रहा था। मंगलवार को उसनेे घर में सो रही अर्चना की गोली मारकर हत्या कर दी। पहले भी आरोपी ने अर्चना के परिजनों पर हमला किया था।