बागपत। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को नगर के एसपीसी डिग्री कॉलेज में बेसिक शिक्षा विभाग, राजकीय, सीबीएसई के पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं की सामान्य ज्ञान/लिखित परीक्षा आयोजित कराई। परीक्षा में पंजीकृत 542 छात्र-छात्राओं में 439 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और 103 अनुपस्थित रहे। डीएम राजकमल यादव ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर निर्देश दिए।
बीएसए राघवेंद्र सिंह ने बताया कि सत्य फाउंडेशन की ओर से शनिवार को पांचवीं उत्तीर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं की सामान्य ज्ञान/लिखित परीक्षा आयोजित कराई गई। इसमें छात्रों से 60 प्रश्र पूछे गए। इसमें सामान्य ज्ञान, गणित, अंग्रेजी व विज्ञान के 15-15 प्रश्र पूछे गए। प्रश्रपत्र को प्रारूप हिंदी और अंग्रेजी मीडियम में तैयार कराए थे। प्रत्येक प्रश्र के चार विकल्प दिए गए थे। इस प्रतियोगिता में प्रथम पांच विजेताओं को नकद धनराशि व प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्वामी वेदानंद वेद विद्यालय कुट्टी उत्तरकाशी की ओर से निशुल्क शिक्षा प्रदान कराई जाएगी। परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को 21 सौ रुपये, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को 15 सौ रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 11 सौ रुपये, चौथा स्थान प्राप्त करने वाले को 551 रुपये तथा पांचवा स्थान पाने वाले छात्र को 251 रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी।