संवाद न्यूज एजेंसी
दाहा। निरपुड़ा गांव की एक महिला ने पति पर तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। साथ ही पीड़िता ने दोघट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
निरपुड़ा गांव की रहने वाली महिला वसीमा ने बताया कि उसकी शादी चार साल पहले अग्रवाल मंडी टटीरी के एक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद एक बेटा भी है। आरोप है कि दो साल बाद ससुराल वाले शादी में दहेज कम लाने को लेकर परेशान करने लगे। जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो पति ने शनिवार को मारपीट की और तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। सूचना पर पहुंचे उसके भाई ने डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। पीड़िता ने दोघट थाने में तहरीर देकर ससुराल वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस के अनुसार महिला की शिकायत मिली है और जांच कर कार्रवाई की जाएगी।