-मई 2023 में बागपत की विवाहिता का लखनऊ के युवक से हुआ था निकाह, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दहेज में पांच लाख रुपये और कार नहीं मिलने पर निकाह के डेढ़ साल बाद ही पति ने पत्नी को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। इसमें तहरीर मिलने पर पुलिस ने विवाहिता के पति, सास और ससुर समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विवाहिता ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि मई 2023 में उसका निकाह शाहनवाज निवासी मिश्री बाग बाला गंज लखनऊ के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वालों ने पांच लाख रुपये और कार की मांग शुरू कर दी और मांग पूरी नहीं होने पर उसका उत्पीड़न करने लगे। आरोप लगाया कि ससुर ने उसके साथ अश्लील हरकतें भी की।
31 अक्तूबर को उसने ससुर की हरकतों के बारे में पति को बताया तो उन्होंने इकट्ठा होकर उसे पीटना शुरू कर दिया। गले में फंदा डालकर फांसी लगाने का प्रयास भी किया। शोर सुनकर वहां आए मोहल्ले के लोगों ने उसे बचाया तो पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। इस मामले में कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर विवाहिता के पति शाहनवाज, ससुर फरचंद अली, नंद सूफी, सास मेसरजहां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।