बागपत के मुगलपुरा मोहल्ले में सिलिंडर में आग लगने पर मची भगदड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के मुगलपुरा मोहल्ले के एक घर में रसोई गैस के सिलेंडर में आग लग गई। घबराए परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल गए। मोहल्ले में जैसे ही आग की सूचना फैली तो हड़कंप मच गया। आसपास के घरों के भी लोग निकल भागे। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने से हजारों रुपये का सामान जल गया।
मुगलपुरा निवासी भूरा की पत्नी मेहरूना शनिवार को दोपहर के समय गैस पर पानी गरम कर रही थी। इसी बीच सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। मेहरूना ने शोर मचाना शुरू कर दिया। भूरा और उसकी पत्नी मेहरूना समेत घर में मौजूद परिवार के पांच सदस्य किसी तरह घर से बाहर गली की ओर भागे।
मोहल्ले मेें जैसे ही आग की सूचना मिली तो लोग अपने-अपने घरों निकलकर मैदान की तरफ भागे। दमकल विभाग और गैस एजेंसी पर सूचना दी । एजेंसी के कर्मचारी अजय चौहान के नेतृत्व में आग बुझाने के सिलेंडर लेकर पहुंचे, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, इसके बाद लोगों को राहत मिली। आसपास के घरों के लोग भी आग पर नियंत्रण पाने के बाद ही अपने-अपने घरों को लौटे। पीड़ित परिवार ने बताया कि उनका हजारों रुपये का सामान जल गया।