- निवाड़ा चौकी पर पुलिसकर्मियों के रोकने पर दो साथी जंगल में भागे, रटौल के नईम को बेचने जा रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पुलिस ने झपटमार गिरोह के सरगना आस मोहम्मद निवासी निशांत कॉलोनी लोनी जिला गाजियाबाद को गिरफ्तार करके 24.50 लाख रुपये के 57 मोबाइल बरामद किए हैं। इसके दो साथी काला निवासी अमन गार्डन और तालिब निवासी नसबंदी कॉलोनी लोनी जंगल में भाग गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी आस मोहम्मद को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
निवाड़ा चौकी पर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार तीन युवकों को रोककर पूछताछ की, तभी पीछे बैठे दो युवक वहां से भाग गए। पुलिस कर्मियोंं ने आस मोहममद निवासी लोनी से पूछताछ की और उसके बैग से 57 मोबाइल बरामद किए। जो दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद और नोएडा से झपटमारी और चोरी करके इकट्ठा किए गए थे। पूछताछ में आस मोहम्मद ने बताया कि आस मोहम्मद दिल्ली के आसपास वाले इलाकों में बाइकों से मोबाइलों की झपटमारी करने वाले गिरोह का सरगना है, जो झपटमारी करने वालों से सस्ते दामों में मोबाइल खरीदकर रटौल के नईम को बेच देता था।
बुधवार रात भी तीनों मोबाइल बेचने के लिए रटौल जा रहे थे। इसमें जांच अधिकारी सत्यम जंघाला ने बताया कि झपटमार गिरोह के अन्य सदस्यों और मोबाइल खरीदने वाले नईम की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसके पास से मिली बाइक भी गुरुग्राम से चोरी की गई थी।