क्षेत्र के एक गांव में युवक और युवती के बीच 15 साल पहले शुरू हुए प्रेम प्रसंग की कहानी भी अजब गजब है। दोनों के कहीं और जगहों पर निकाह भी हुए, लेकिन दोनों तलाक देकर फिर एक हो गए और कोर्ट मैरिज कर गांव में आकर रहने लगे।
यह सब परिजनों को नागवार लग रहा है। प्रेमी युगल को परिजनों से जान का खतरा बना हुआ है। रविवार को उन्होंने कोतवाली पहुंचकर सुरक्षा की गुहार की।
प्रेमी युगल ने पुलिस को बताया कि उनके प्रेम प्रसंग का पता चलने पर परिजनों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। युवती के परिजनों ने उसका निकाह नजफगढ़, नई दिल्ली कर दिया था, जबकि युवक का निकाह पसौंडा गांव से हुआ था। इसके बावजूद दोनों में प्रेम प्रसंग जारी रहा।
पुलिस के अनुसार निकाह के दो साल बाद युवक ने अपनी पत्नी को और युवती ने अपने पति को तलाक दे दिया। इसके बाद दोनों ने गाजियाबाद न्यायालय में जाकर कोट मैरिज कर ली।
इलाहाबाद हाईकोर्ट से भी मंजूरी ले ली और कुछ माह से दोनों अपने गांव में आकर रहने लगे, लेकिन उनका आरोप है कि परिजन उनकी जान के दुश्मन बने हुए हैं। रोजाना उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही है।
रविवार को युगल कोतवाली पहुंचा और तहरीर देकर जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा के बंदोबस्त किए जा रहे हैं।