सोमवार को अधिकतम 21.7 और 5.3 रहा जिले का न्यूनतम तापमान
बागपत। जिले में सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पाला से ठिठुरन बढ़ गई है। सोमवार को खेतों और खाली मैदानों पर पाले की सफेद चादर छा गई। पाला होने के कारण ठिठुरन बढ़ गई। ठिठुरन बढ़ने से लोग अपने घरों में दुबके रहे। सुबह के समय सर्दी से बचाव के लिए नगर में जगह-जगह अलाव जलाए गए। नगर के मुख्य मार्ग और बाजारों में लोगों की आवाजाही काफी कम रही। बाजार में ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। दुकानदार ग्राहकों की बांट जोहते नजर आए। सुबह में धूप खिलने के बाद लोगों ने राहत महसूस की और बाजारों में लोगों की चहल-पहल बढ़नी शुरू हुई जो, शाम होते-होते गायब हो गई। सोमवार को जिला का अधिकतम तापमान 21.7 और न्यूनतम तापमान 5.3 रहा।
नगर के मुख्य स्थानों पर जलवाए अलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नगर पालिका की ओर से सर्दी से बचाव के लिए होलिका चौक, पुरानी पुलिस चौकी, पुराना कस्बा, प्याऊ, बड़ा बाजार, सोनीपत बस स्टैंड सहित दस स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराई गई है। ईओ ललित कुमार आर्य ने बताया कि लोगों को सर्दी में राहत देने के लिए नगर में जगह-जगह अलावा जलवाए गए हैं। इसके अलावा नगर पालिका में रैन बसेरे की व्यवस्था कराई जा चुकी है।
सर्दी से बचाव के लिए अलाव जलाएं
अग्रवाल मंडी टटीरी। लोगों को कड़ाके की सर्दी से बचाव के लिए कस्बे में लेखपाल जितेंद्र कुमार ने बस स्टैंड, अग्रवाल मंडी में कई स्थानों पर अलावा जलवाएं। इनके अलावा नगर पंचायत की ओर से भी नगर में कई स्थानों पर अलावा जलवाएं ।
पूरी आस्तीन के कपड़े पहने, गर्म पानी का करें सेवन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत का कहना है कि सर्दी से बचाव के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने चाहिए और ठंडे पेय पदार्थों के बजाए गर्म पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए। सर्दी में अधिक से अधिक गर्म पानी का सेवन करना चाहिए। गर्म पानी का सेवन करने से शरीर का तापमान बना रहता है, जिससे सर्दी लगने की आशंका कम हो जाती है। इसके अलावा सर्दी में बच्चों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत होती है। सर्दी के कारण बच्चों में खांसी, जुकाम, बुखार और निमोनिया होने की संभावनाएं बढ़ जाती है।