बालैनी (बागपत)। गांव पुरा के ऐतिहासिक श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में फाल्गुनी मेला बृहस्पतिवार से आरंभ हो जाएगा। शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। भगवान शिव के जयकारे पुरा में गूंजने लगे हैं। मेला क्षेत्र को छह जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम रामनयन ने बुधवार को व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को दिशा निर्देश दिए।
मेले को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। मेले में दुकानें सजकर तैयार हो गई है। मंदिर की सजावट और साफ सफाई का कार्य भी पूरा किया गया। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए बेरिकेडिंग लगाई गई है। एसडीएम रामनयन ने मेला परिसर का भ्रमण किया। गर्भगृह में सादी वर्दी में पुलिस तैनात रहेगी। ड्रोन, सीसीटीवी से निगरानी होगी। पुलिस और पीएसी तैनात रहेगी।
पांच लाख शिवभक्त आने की उम्मीद
बालैनी। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा का कहना है कि इस बार पांच लाख से अधिक शिवभक्तों के आने की उम्मीद है। शुक्रवार 21 फरवरी को शाम को चार बजकर 21 मिनट पर झंडा पूजन किया जाएगा। पांच बजकर 21 मिनट पर झंडारोहण किया जाएगा। झंडारोहण के उपरांत मुख्य जलाभिषेक शुरू किया जाएगा।
छह जोनल मजिस्ट्रेट बनाए
बालैनी। मेला मजिस्ट्रेट रामनयन ने बताया कि छह जोन और 12 सेक्टर बनाए गए हैं। एसडीएम बड़ौत दुर्गेश मिश्रा, कलक्ट्रेट प्रभारी गुलशन कुमार, एसडीएम खेकड़ा राजपाल सिंह, डायट बड़ौत के प्राचार्य विनय गिल, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर अजय कुमार, डीडीओ हूबलाल को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। सबको उनकी ड्यूटी प्वाइंट बता दिए गए हैं। जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप, वाणिज्य कर के असिस्टेंट कमिश्नर बेगराज सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अजय पाल, सहायक आयुक्त स्टांप राम दयाल, तहसीलदार बड़ौत प्रदीप कुमार, बीएसए राजीव रंजन मिश्रा, एआर कोआपरेटिव देवेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विमल कुमार ढाका, लोनिवि के सहायक अभियंता राघवेंद्र सिंह, राहुल कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी कृपाल सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ मुकेश कुमार गुप्ता को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है।
यहां से एंट्री करेंगे श्रद्धालु
- मेरठ के रोहटा, जानी गांव से गुजरते हुए कल्याणपुर से पुरा महादेव आएंगे।
- भड़ल, दाहा, पलड़ी, बरनावा और शेखपुरा
- मेरठ के जानी से भोला झाल होते हुए बालैनी मंदिर तक
- अमीनगर सराय से बुढ़सैनी होकर पुरा महादेव
इन रास्तों से होगी निकासी
- बालैनी से मेरठ बागपत रोड होते हुए दिल्ली-सहारनपुर मार्ग
- बुढ़सैनी से अमीनगर सराय होते हुए बड़ौत रोड
कंट्रोल रूम बनाया
बालैनी। पुरा मेला 20 से 22 फरवरी तक लगेगा। इसके लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा। एनआरएलएम बागपत के डीसी बीबी सिंह को कंट्रोल रूम प्रभारी बनाया गया है। नायब तहसीलदार बागपत सह कंट्रोल रूम प्रभारी होंगे।