खेकड़ा (बागपत)। एक गांव निवासी युवक ने मंगलवार की शाम चार वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची के परिजनों ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बच्ची को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भिजवाया। साथ ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक एक गांव निवासी 35 वर्षीय युवक मंगलवार की शाम करीब छह बजे एक किसान की चार वर्षीय मासूम बच्ची को उठाकर खेतों मे ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मार्ग से गुजर रहा एक किसान गन्ने के खेत में पहुंचा तो आरोपी युवक बच्ची को छोड़कर भाग गया। इसके बाद किसान बच्ची को कपडे़ में लपेट कर गांव लाया और उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। बच्ची को लेकर परिजन खेकड़ा कोतवाली पहुंचे और युवक के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भिजवाया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।