बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बावली गांव के पास बुधवार की शाम बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें महिला समेत चार लोग घायल हो गए। वहां से गुजरने वाले लोगों ने उन्हें नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
यूसुफ पुत्र तालीम निवासी कैराना बुधवार को कैराना जनपद शामली से बड़ौत अपने रिश्तेदार के यहां पर बाइक से शादी में शरीक होने के लिए परिवार की महिलाओं में चांद पत्नी मोमिना और शबाना पत्नी तालीम को लेकर जा रहा था। जैसे ही वे बावली गांव क पास दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पहुंचे, सामने से तेज गति से आई बाइक की उनके साथ टक्कर हो गई। इसमें तीनों घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक पर सवार इमरान निवासी बावली पास के खेत में गिरने से मामूली रूप से चोटिल हो गया। राहगीरों ने उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायलों के परिजनों को कैराना में सूचना कर दी। मौके पर घायल के परिजन भी सीएचसी में पहुंचे और घायलों का उपचार कराने में जुटे हैं।