-पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद 11 हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। विनयपुर गांव में नौ जुलाई को खैरुनिशा और उनके पति शाहिद पर घर में घुसकर ईंट, चाकू और डंडों से हमला कर घायल कर दिया गया। परिवार के अन्य सदस्यों को भी बचाने आने पर पीटा गया। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद 11 हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विनयपुर गांव की खैरुनिशा ने बताया कि नौ जुलाई को वह घर में काम कर रही थीं, तभी पड़ोसी मुस्तफा, सलमान, इस्तकार, कल्लू, इस्राइल, उस्मान, फतेह खान, अनस और कुछ अज्ञात लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने ईंट, डंडों और चाकू से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं।
खैरुनिशा के अनुसार, शोर सुनकर उनके पति शाहिद बचाने आए तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। हमलावर उनके सोने के कुंडल और चेन भी झपटकर ले गए। जब उनके जेठ साबित और कल्लू ने बचाने का प्रयास किया तो हमलावरों ने उनके सिर में ईंट मारकर उन्हें भी घायल कर दिया। इस मामले में जांच अधिकारी थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।