संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। अमीनगर सराय और नवादा गांव में चार बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल की बिल्डिंग बनकर तैयार हो गया है। उसके हैंडओवर होते ही इसी महीने अस्पताल शुरू करने की तैयारी है। जिला आयुर्वेदिक विभाग की ओर से अस्पताल शुरू करने की तैयारी प्रारंभ कर दी है।
ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को बेहतर आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से छह माह पूर्व कस्बा अमीनगर सराय और चांदीनगर के नवादा गांव में 23-23 लाख रुपये से आयुर्वेदिक अस्पतालों का निर्माण कार्य शुरू कराया। कस्बे और नवादा गांव में अस्पताल बनकर लगभग तैयार है। कार्यदायी संस्था से जल्द ही बिल्डिंग को विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। इस पर जिला स्तर की टीम निर्माण का निरीक्षण करेंगी। विभाग की ओर से अक्तूबर में ही अस्पताल शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
कई गांव के लोगों को मिलेगा फायदा
दोनों अस्पताल शुरू होने पर कई गांव के लोगों को उपचार की सुविधा मिलेगी। नवादा में अस्पताल शुरू होने से गांव के लोगों के अतिरिक्त, गढ़ी कलजरी, भागौट, सरफाबाद, सिंगौली, भेड़ापुर, विनयपुर, डगरपुर, गौना, फुलेरा गांव के लोगों को नजदीक ही आयुर्वेदिक उपचार की सुविधा मिलेगी। उधर, कस्बा अमीनगर सराय में अस्पताल शुरू होने से कस्बे के अतिरिक्त कैड़वा, खिंदौड़ा, हिसावदा, फतेहपुर, बुढ़सैनी, सैड़भर, लुहारा, बरसिया, रामनगर, सिंघावली, पूठड़ के लोगों को इलाज की सुविधा मिलेगी।
वर्जन-
दोनों अस्पताल की इमारत तैयार हो गई है। भवन हैंडओवर होते ही अस्पताल शुरू कराया जाएगा। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है।-डॉ. मोनिका गुप्ता, जिला आयुर्वेदिक एवं क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी