- गढ़ीदुल्ला गांव में कार की टक्कर से हुआ हादसा, गांव में शोक छाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। अमीनगर सराय पर गढ़ीदुल्ला गांव में मंगलवार शाम पूर्व विधायक त्रिपाल धामा के बाइक सवार भतीजे मुकुल धामा (26) को कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मुकुल धामा दूर जाकर गिरे और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद बिनौली में शोक छा गया।
पूर्व विधायक त्रिपाल धामा और बिनौली गांव के पूर्व प्रधान वेदपाल धामा का भतीजा मुकुल धामा जिम संचालक थे। मुकुल धामा मंगलवार शाम अपनी बाइक से गढ़ीदुल्ला गांव गए थे। वहां पर अमीनगर सराय की ओर से आई कार ने मुकुल धामा की बाइक में टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगते ही मुकुल धामा उछल कर काफी दूर जाकर गिरे। सिर में चोट लगने से मुकुल धामा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार छोड़कर चालक वहां से भाग गया। वहां आए पुलिसकर्मी घायल मुकुल को लेकर बिनौली सीएचसी लेकर जाने लगे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
पूर्व प्रधान वेदपाल ने बताया कि मुकुल के पिता अनिल धामा की एक साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उसका बड़ा भाई प्रशांत धामा गांव में ही मार्बल की दुकान चलाता है। मुकुल के परिवार में पत्नी और बेटा अभियान (3) हैं। मुकुल की मौत का पता चलते ही उसकी पत्नी शालू और मां इंद्रा बेसुध हो गईं। इस मामले में जांच अधिकारी राकेश कुमार शर्मा का कहना है कि कार को कब्जे में ले लिया गया है, इसमें तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।