बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सिटी हॉस्पिटल के निकट कार की टक्कर से साइकिल सवार बसपा के पूर्व नगर अध्यक्ष चेतराम की मौत हो गई। आरोपी चालक कार को लेकर फरार हो गया। बसपा कार्यकर्ताओं ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में हंगामा किया।
कोतवाली पहुंचे बसपा के जिलाध्यक्ष मोहित आनंद ने बताया कि शुक्रवार को जिला कार्यालय पर बैठक थी। इसमें शामिल होने के लिए बागपत विधानसभा के सेक्टर अध्यक्ष व पूर्व नगर अध्यक्ष चेतराम (61) निवासी मोहल्ला देशराज दोपहर करीब डेढ़ बजे साइकिल से कार्यालय आ रहे थे। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के सिटी हास्पिटल के निकट एक कार चालक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी कार चालक फरार हो गया। मृतक के बेटे पवन ने कोतवाली पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही ने बताया कि मुदकमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कार चालक को गिरफ्तार के प्रयास किए जा रहे है।