बड़ौत/बिनौली। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित बिट्टू टिक्की रेस्टोरेंट से पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। इसके अलावा टीम ने बिनौली व बरनावा गांव में भी खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापे मारकर हल्दी, मिर्च मसाले आदि की जांच के लिए नमूने लिए।
सहायक आयुक्त मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि नवरात्रों व दशहरा, दीवाली आदि त्योहारों पर मिलावटी खाद्य/पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम के लिए डीएम के निर्देशानुसार 14 अक्तूबर से 23 अक्तूबर तक मिलावटखोरों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। बताया कि सोमवार को टीम ने बड़ौत नगर में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित बिट्टू टिक्की वाले के यहां पर पनीर के नमूने लिए और जांच को भेजे। इस संबंध में रेस्टारेंट मैनेजर ब्रजभान यादव ने बताया कि टीम आई थी और पनीर का नमूना ले गई है। इसके बाद टीम ने बिनौली व बरनावा में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बिनौली के जगदीश पंसारी किराना स्टोर से 15 किलोग्राम हल्दी, 20 किलोग्राम लाल मिर्च व खुले मसलों के मिलावट का संदेह होने पर जांच के लिए नमूने लिए हैं।
मुकेश पंवार