बागपत। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को जिलेभर में छापामारी अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 350 किलो आटा में मिलावट होने पर जब्त किया गया। साथ ही तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजा गया।
सहायक खाद्य आयुक्त डीपी सिंह ने बताया कि बागपत में शालिनी ट्रेडर्स के संचालक आलोक कुमार के यहां से स्वास्तिक गोल्ड फ्रेश आटा का विधिक नमूना लिया और मिलावट मिलने पर 350 किलो आटा जब्त किया गया। इसके अलावा सादिकपुर सिनौली में जमीन की मावा भट्ठी से मिल्क पाउडर का नमूना लिया और 24 किलो पाउडर जब्त किया। बड़ौत में छपरौली रोड स्थित ठाकुर समोसा वाले के यहां से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया। इनको जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य, निधि रानी व अंकिता श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।