बागपत में सुबह 8 बजे हाईवे पर कोहरे के बीच लाइट जलाकर जाते वाहन चालक
- फोटो : BAGHPAT
कोहरे ने थाम दी वाहनों की रफ्तार
बागपत। मौसम का मिजाज बदल रहा है। बुधवार को कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बर्फीली हवा चलने से ठंड बढ़ गई है।
बुधवार सुबह नौ बजे तक कोहरा छाया रहा। मंगलवार आधी रात के बाद से ही कोहरे की चादर छा गई थी। ईस्टर्न पेरिफेेरल एक्सप्रेस पर सबसे अधिक आवागमन प्रभावित हुआ। एक्सप्रेस-वे पर चालकों ने ट्रक किनारे खड़े कर लिए। इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, बागपत-मेरठ मार्ग समेत अन्य मार्गों पर कोहरे के कारण चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर, दिन में धूप खिली, लेकिन बर्फीली हवाएं चलने के कारण ठंड का प्रकोप बना रहा। अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
दो दिन खराब रह सकता है मौसम
मौसम विज्ञान विभाग ने 16 और 17 जनवरी को मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया है। कृषि विज्ञान केंद्र खेकड़ा के प्रभारी डॉ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मौसम खराब रहने का अनुमान है।
किसानों को फिर लगेगा झटका
अगर दो दिन तक बूंदाबांदी हुई तो किसानों को झटका लगेगा। ईख की छिलाई का कार्य थम जाएगा। इसके अलावा सरसों, आलू और अन्य फसलों को भी नुकसान होगा।