पूनम की दाल के आगे फीके पड़े हलवा और राजमा के स्वाद
बागपत। जिला स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता में प्राथमिक स्कूलों की रसोइयों ने अपना हुनर दिखाया। इस दौरान एक से बढ़कर एक लजीज पकवान बनाए गए। मीतली गांव के प्राथमिक विद्यालय नंबर एक की रसोईयां पूनम ने स्वादिष्ट दाल बनाकर पहला स्थान हासिल किया। हलालपुर की ममतेश ने दूसरा और छपरौली की पूजा तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को अतिथियों ने सम्मानित किया गया।
बुधवार को सिसाना गांव के उच्च प्राथमिक स्कूल नंबर एक में जिला स्तरीय प्रतियोगिता हुई। इसमें जिलेभर से 30 रसोईयों ने हिस्सा लिया। इनमें से चार रसोईयों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग नहीं किया। इस लिए 26 प्रतिभागियों ने हुनर दिखाया। जिला विद्यालय निरीक्षक ओमदत्त सिंह, बीएसए राजीव रंजन मिश्रा, राजकीय इंटर कॉलेज बागपत की प्रधानाचार्या प्रीति शर्मा, महिला चिकित्सक सुरुचि शर्मा, खाद्य विभाग के गणेश क अलावा अतिरिक्त उच्च प्राथमिक विद्यालय सिसाना से सलौनी, चंचल, एकता, साहिल, राधिका, निरांगना,प्राथमिक विद्यालय बागपत नंबर एक से प्रियांशु, प्राथमिक विद्यालय बागपत नंबर दो से खुशी, प्राथमिक विद्यालय सिसाना नंबर एक से वंशिका, अक्षा, अन्नु, मुस्कान ने रसोईयों के भोजन का स्वाद चखकर उन्हें अंक प्रदान किए। प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय मीतली की रसोईया पूनम को प्रथम, प्राथमिक विद्यालय हलालपुर छपरौली नंबर एक की ममतेश को दूसरा और उच्च प्राथमिक विद्यालय छपरौली की पूजा को तीसरा स्थान मिला। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण बागपत के जिला समन्वयक फरजान शैरफ ने बताया कि प्रतियोगिता के उपरांत सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में ग्राम प्रधान हीरो देवी, शिक्षक राजकुमार शर्मा, धमेंद्र यादव, कुशलता, प्रांजुल, यामीन, दीपचंद, सतेंद्र, दिनेश मौजूद रहे।
-------------------------
इनसेट
ड्रा से किया गया व्यंजन का फैसला
बागपत। प्रतियोगिता में रसोईयों क्या बनाना है, इसके लिए पर्ची का ड्रा डाला गया। मध्याह्न भोजन की ओर से पर्ची पर व्यंजन के नाम लिखकर पेटी में डाले गए तथा रसोईयों ने पर्ची के अनुसार भोजन पकाकर अपनी पाक कला का परिचय दिया।
-------------------------
इनसेट
ऐसे दिए गए रसोईयों को अंक
बागपत। भोजन के स्वाद के लिए दस अंक, पौष्टिक तत्व के लिए दस अंक, भोजन पकाने के तरीके के लिए दस अंक, स्वच्छता के लिए तीन अंक, सुरक्षा के लिए दस अंक, सभ्य व्यवहार के लिए दो अंक, एप्रेन व हैड कवर के लिए दस अंक निर्धारित किए गए। प्रतियेागिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पूनम को 99.2 , दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली ममतेश को 98.25 तथा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली पूजा ने 92.46 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
-------------------------
इनसेट
इन्होंने लिया हिस्सा
बागपत। प्रतियोगिता में बिलौनी ब्लॉक की मायावती, विमला देवी, गीता, खेकड़ा ब्लॉक से नंदगिरी, कमलेश, कुसुम, नीतू, राकेश, मोनिका, पूनम, बबीता, उषा, रामेश्वरी, बड़ौत ब्लॉक से पूनम देवी, छपरौली ब्लॉक से पूजा, गीता देवी, ममतेश,श्यामो, ममता द्वितीय, पिलाना ब्लॉक से, सीमा देवी, प्रेमवती, भंवरकली तथा बागपत ब्लॉक से अमरेश, कौशल, पूनम, व ममता ने भाग लिया।
-------------------------
इनसेट
भंवर कली ने सबसे पहले तैयार किया भोजन
बागपत। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सबसे बुजुर्ग पिलाना ब्लॉक की रसोईयां भंवर कली ने सबसे पहले हलवा बनाकर तैयार कर दिया। उसका कहना था कि एक बार तत्कालीन डीएम कामिनी रतन चौहान ने उसके हाथ का स्वाद चखा था। उनके हाथ की उड़द की दाल के साथ चावल खाकर तारीफ की थी तथा उन्हें एक हजार रुपये का नगद इनाम भी दिया था।
-------------------------
इनसेट
प्रतियोगिता में रसोइयों से पूछें सवाल
बागपत। रसोईयों की प्रतियोगिता में महिला चिकित्सक ने रसोईयों से साफ-सफाई, हाइजीन और सुरक्षा के बारें में प्रश्र पूछें, तो खाद्य अधिकारी ने उनसे क्या बनाया और कैसे बनाया है, कौन-कौन से मसाले और तेल का प्रयोग के बारे में प्रश्र पूछें।