हरियाणा के गन्नौर से कार लूटकर आ रहे बदमाशों को खेकड़ा पुलिस ने घेर लिया था
बदमाश कार छोड़ हो गए फरार, खेकड़ा कोतवाली ने गन्नौर थाना पुलिस को सुपुर्द की
संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा (बागपत)। हरियाणा के गन्नौर से मंगलवार की रात व्यापारी से कार लूट कर यूपी के खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में घुसे पांच बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया। मगर, पांचों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए कार छोड़कर फरार हो गए। कार से चार फर्जी नंबर प्लेटें मिली है। बुधवार को कार को गन्नौर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
हरियाणा के जनपद झज्जर के गांव कूड़ा निवासी व्यापारी जोगिंदर सिंह पुत्र खेमचंद से मंगलवार की रात पांच बदमाशों ने गन्नौर क्षेत्र में कार लूट ली थी। पीड़ित ने तुरंत गन्नौर थाना पुलिस को सूचना दी। जब तक गन्नौर पुलिस पहुंचती, बदमाश ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से होते हुए हरियाणा बार्डर पार कर खेकड़ा पहुंच गए और लाइनपार बस्ती में छुप गए। स्थानीय लोगों ने शक होने पर खेकड़ा कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। इस पर कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरा देख पांचों बदमाश कार को मौके पर छोड़कर जंगल में फरार हो गए। पुलिस ने घंटों तक उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। कार से चार फर्जी नंबर प्लेट बरामद ह्रुइ। कार के नंबर को ट्रेस किया गया तो वह झज्जर हरियाणा निवासी जोगिंदर सिंह के नाम पर पाई गई। कोतवाली प्रभारी ने गन्नौर पुलिस को कार बरामद होने की सूचना दी। बुधवार की सुबह गन्नौर थाने के सब इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह व्यापारी जोगिंदर सिंह को लेकर खेकड़ा कोतवाली पहुंचे और मंगलवार रात हुई वारदात की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बरामद कार को गन्नौर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
नंबर प्लेट बदलने की कोशिश
खेकड़ा। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि बदमाशों ने लूटी गई कार की नंबर प्लेट बदलने की कोशिश की थी। कार की अगली नंबर प्लेट तो खोल दी लेकिन पिछली नहीं खुल पाई। कार को लेकर गन्नौर पुलिस लौट गई।