बागपत-मेरठ मार्ग पर चीनी मिल के पास चलती बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई। उस पर सवार दो भाईयों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई।
बसौद गांव निवासी दो भाई भूरा और जावेद, ईंट सप्लाई का कार्य करते हैं। वे दोनों रविवार दोपहर बाइक द्वारा दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही मेरठ रोड पर बागपत चीनी मिल के पास पहुंचे, तभी अचानक बाइक में आग लग गई। उन्होंने किसी तरह बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। इससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई।
आग की चपेट में वहां पर बना बिटौड़ा भी आ गया। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और बिटौड़ा भी जल चुका था।
बताया जाता है कि पेट्रोल का पाइप लीक होने के कारण हादसा हुआ है। उधर, बड़ौत के बिजरौल रोड पर रखे ट्रांसफार्मर में आग लग जाने से लोगों में भगदड़ मच गई। किसी तरह बिजली कट कराकर लोगों ने आग पर रेत व पानी डालकर काबू पाया।
आग लगने से आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई। इसकी सूचना बिजली विभाग को दी गई और बिजली कट कराई गई, लेकिन इसके बाद भी ट्रांसफार्मर के चारों ओर आग लगी रही। लोगों ने साहस कर रेत व पानी डालकर आग पर काबू पाया और ट्रांसफार्मर भी बच गया।
तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इसके अलावा बिनौली के फतेहपुर पुट्ठी के जंगल में रविवार को खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के बाद चिंगारी से 15 बीघा ईख जल गई। पीड़ित किसान गोविंद ने बताया कि ढीले तारों के आपस में टच हो जाने से तेज फाल्ट से निकली चिंगारी से आग लग गई।