पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मशक्कत से पाया आग पर काबू
दुकान मालिक ने जताई आग लगाने की आशंका, लाखों का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदीनगर (बागपत)। रटौल गांव में फर्नीचर और सेनेट्री के सामान की दुकान में बुधवार देर रात आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने मशक्त कर आग पर काबू पाया। मगर, तब तक दुकान में एक फ्लोर में रखा सामान जल चुका था। दुकान में आग लगने का कारण का पता नहीं चला है। दुकान मालिक ने दुकान में आग लगाने की आशंका जता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रटौल निवासी सलीम पुत्र अहमद हसन की रटौल बस स्टैंड पर रटौल फेब्रिकेशन ग्रुप के नाम से फर्नीचर और सेनेट्री के सामान की दुकान है। दुकान पर उसका भाई यादू व कलीम बैठते है। बुधवार शाम करीब सात बजे दोनों दुकान बंद कर अपने घर चले गए। देर रात उनकी दुकान में आग लग गई। बृहस्पतिवार की सुबह करीब दो बजे लोगों ने दुकान मालिक को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस और दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मगर, तब तक दुकान के निचले फ्लोर में रखा सामान जल चुका था। आग से दुकान में सेनेट्री का सामान, पेंट, बाल्टी व डिब्बे, पुट्टी के कट्टे, समोसम व फ्रिज, एयर कंडीशनर, वॉशिंग मशीन जलकर राख हो गई। दुकानदार के भाई ताज के अनुसार दुकान में करीब 45 से 50 लाख रुपये का सामान जल गया है। उसने असामाजिक तत्वों पर दुकान में आग लगाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घर में संदिग्ध परिस्थिति में आग लगी
फोटो - 4
चांदीनगर। पूरनपुर नवादा निवासी सुरेश कश्यप पुत्र आशे राम मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगने से परिजनों में भगदड़ मच गया। शोर सुनकर उसके घर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखी चारपाई, रजाई, टीवी, मेज व कुर्सी सहित करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने मुआवजे की मांग की है।
शार्ट सर्किट से दो बीघा फसल जली
अग्रवाल मंडी टटीरी। मीतली गांव में खेत में रखे ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट से किसान सोहनवीर पुत्र खेमचंद की दो बीघा गन्ने की फसल जल गई। पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।