-एक गांव से पांच माह के भाई के साथ लापता हो गई थी किशोरी, अलीगढ़ में महिला ने देवर के साथ करा दी शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। क्षेत्र के एक गांव से पांच माह के भाई के साथ लापता हुई नाबालिग के साथ अलीगढ़ में युवक ने शादी कर ली। पुलिस ने किशोरी और उसके भाई को तलाशकर परिजनों को सौंप दिया। किशोरी के बयान के आधार पर सचिन और उसकी भाभी ललिता निवासी धुमिया अकबराबाद जिला अलीगढ़ के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 26 अप्रैल को अपनी नाबालिग बेटी और पांच माह के बेटे के लापता होने की शिकायत पुलिस से की थी। इसमें प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। अलवर रेलवे स्टेशन पर किशोरी की मुलाकात सचिन, उसकी भाभी ललिता से हुई। वहां पर भाभी ललिता ने एक मंदिर में उसकी शादी अपने देवर सचिन से करा दी और बच्चे को अपने पास रख लिया। इसके बाद किशोरी के साथ सचिन ने दुष्कर्म किया। जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि मंगलवार को आरोपी सचिन और उसकी भाभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।