मास्क और हैंड सैनिटाइजर लेकर परीक्षा केंद्रों में पहुंचे परीक्षार्थी
बागपत/चांदीनगर/अग्रवाल मंडी टटीरी। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से संबद्ध जिले के सभी डिग्री कॉलेजों में मंगलवार को स्नातक एवं परास्नातक की अंतिम वर्ष की परीक्षा शुरू हो गई। परीक्षा से पूर्व केंद्रों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया तथा मास्क अनिवार्य रहा। परीक्षा केंद्र के गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी के बाद प्रवेश दिया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए केंद्रों के बाहर पुलिस तैनात रही। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को सोशल डिस्टेंस का पालन कराया।
चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी के स्नातक और परास्नातक कक्षा के विभिन्न विषय की परीक्षाएं आरंभ हो गई। एसपीआरसी डिग्री कॉलेज में मंगलवार से शुरू अंतिम वर्ष की परीक्षा से पूर्व सोमवार को केंद्र पर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया। बिना मॉस्क के केंद्रों में छात्रों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। परीक्षा के दौरान छात्रों को सोशल डिस्टेंस का पालन कराया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि केंद्र में कोरोना महामारी को देखते हुए मॉस्क व सोशल डिस्टेंस का पालन कराते हुए परीक्षा का आयोजन कराया। परीक्षा केंद्र के गेट पर सैनिटाइजर की व्यवस्था कराई। सोमवार शाम को पूरे केंद्र पर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया और मंगलवार को परीक्षा के दौरान छात्रों के मध्य दो गज की दूरी निर्धारित कर परीक्षा कराई ।
खट्टा प्रह्लादपुर के सेठ तारीफ सिंह जैन डिग्री कॉलेज में विश्वविद्यालय अंतिम वर्ष की परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर सैनिटाइज मशीन की व्यवस्था की और हैंड सैनिटाइजर करने के बाद महाविद्यालय में प्रवेश दिया। फेस मास्क अनिवार्य रहा, बिना मॉस्क केंद्र पर पहुंचने वाले छात्रों को केंद्र की ओर से मॉस्क उपलब्ध कराए । कॉलेज के स्टाफ की थर्मल स्कैनिंग कराई। केंद्र व्यवस्थापक डॉ. सतेंद्र कुमार, कमलकांत कौशिक, अतुल देव शर्मा, अशोक, संतोष देवी आदि रहे। अग्रवाल मंडी टटीरी के वैदिक कन्या डिग्री कॉलेज में परीक्षा में मास्क व सैनिटाइजर का विशेष ध्यान रखा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. कमला अग्रवाल और पर्यवेक्षक डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देशन में परीक्षा का आयोजन कराया।