खेकड़ा। सांकरौद में रात्रि में घुड़चढ़ी में डीजे बजवाने को लेकर मारपीट हो गई। जिसमें दुल्हा पक्ष तीन महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। आरोपियों के खिलाफ थाने पर तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच चल रही है।
गांव सांकरौद में 28 फरवरी को राहुल की शादी थी। 27 फरवरी की रात्रि में उसकी घुड़चढ़ी हो रही थी। जिसमें डीजे बज रहा था। दुल्हा पक्ष का आरोप है कि मंदिर के बाहर पहुंचने पर जैसे ही डीजे बंद किया गया तो पड़ोसी एक युवक जबरदस्ती डीजे बजाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर युवक ने अपने परिवार वालों को बुला लिया। सभी ने घुड़चढ़ी में शामिल दूल्हे के परिजनों पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। जिसमें दूल्हे की मां मुकेश देवी, पिता बिल्लू, बहन शिवानी, आरती, भाई विकास, बिल्लू का भाई सुमेर और उसके पुत्र रोहित सहित सात लोग घायल हो गए। घटना की शिकायत कोतवाली पुलिस से की गई है। उधर पुलिस ने उपचार के लिए घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच चल रही है।