बागपत। नयागांव उर्फ हमीदाबाद गांव में ई रिक्शा की साइड लगने पर बरातियों और ग्रामीण आपस में भिड़ गए। उनके बीच दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर मारपीट और पथराव हो गया। इसमें दूल्हे समेत 12 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का सीएचसी में उपचार कराया।
गौरीपुर गांव के रहने वाले विपिन की बरात मंगलवार को नयागांव उर्फ हमीदाबाद में आई थी। बताया कि नाश्ता करने के बाद मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे से चढ़त शुरू हो गई, तभी वहां से गुजर रही ई-रिक्शा की साइड एक बराती को लग गई। इसको लेकर वहां विवाद हो गया और आक्रोशित बरातियों ने ई-रिक्शा चालक और उसमें बैठे दंपती को पीटना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर वहां आए ग्रामीणों ने चालक और दंपती को बचाने का प्रयास किया तो बरातियों ने धर्मपाल, शिवा, रीना समेत अन्य पर हमला कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। वहां पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव भी किया। इसमें दूल्हा विपिन, धर्मपाल, मीलू, रीना, शिवा, नितिन, सुंदरलाल, चुनिया, मोहित, राकेश, विनोद समेत अन्य घायल हो गए।
घटना का पता चलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और घायलों का सीएचसी में उपचार कराया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- पथराव होते ही बचने को घरों में छिपे और खेतों में भागे
बरातियों और ग्रामीणों में जिस समय मारपीट और पथराव हुआ, उस समय कई वाहन भी वहां से गुजर रहे थे। वहां पर पथराव होते ही ग्रामीणों और बरातियों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने घरों में घुसकर अपनी जान बचाई तो बराती खेतों में भाग गए। इससे काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।