बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव में बुखार का प्रकोप है। गांव के 100 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव का तालाब गंदगी से अटा पड़ा है और मच्छर पनप रहे हैं तो लोग बीमार हो रहे हैं। ग्रामीणों ने गांव में सफाई कराकर दवा का छिड़काव कराने और शिविर लगाकर जांच कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि गांव में 15 दिन से बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। गांव की बाला, प्रवेश, जितेंद्र, शैलेंद्र, सुभाष, ब्रिजेश, विरेंद्र, राजपाल, राखी, महेश, प्रर्मिला, सत्ते, प्रवीण, शिवम, कुलदीप, अभिनव, मनीष, सौरव डागर सहित 100 से अधिक लोग बुखार की चपेट में है। ग्रामीणों ने गांव की नालियों और तालाब की सफाई कराने और शिविर लगाकर जांच कराने की मांग की है।
- गंदगी से अटा पड़ा तालाब, सफाई न होने से नालियों में भरा पानी
गांव के तालाब की काफी समय से सफाई नहीं हुई है। तालाब गंदगी से अटा पड़ा है, जिससे घरों से निकलने वाले पानी की निकासी नहीं हो रही है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी नालियों में भरा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में गंदगी होने के कारण गांव में मच्छरों की तादात बढ़ रही और लोग बीमार हो रहे है। कई बार तालाब की सफाई कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
- गांव में जगह-जगह गंदगी है। तालाब की सालों से सफाई नहीं हुई है। तालाब में गंदगी के कारण पानी की निकासी न होने से मच्छर पनप रहे हैं। जिसके कारण लोग बीमार हो रहे हैं। - बिजेंद्र
- गांव में बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। गांव के 50 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। कई बार ग्राम प्रधान से तालाब की सफाई कराने मांग की जा चुकी है, मगर समाधान नहीं हो रहा है। -विरेंद्र
-गांव में सफाई कराकर दवा का छिड़काव कराया गया है। गांव में चार बार शिविर लगवाया जा चुका है और एंटीलार्वा का छिड़काव करवाया गया है। गांव के तालाब की खोदाई का प्रस्ताव तैयार कराया गया है। तालाब की जल्द सफाई कराई जाएगी। - वीना देवी, ग्राम प्रधान