बागपत। यहां मौसम में बदलाव के कारण बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं तो लीवर में संक्रमण भी लोगों को परेशान कर रहा है। यहां आरोग्य मेले में रविवार को इनके साथ ही अन्य बीमारियों के मरीज पहुंचे। जिनका चिकित्सकों ने उपचार करने के साथ ही खानपान व दिनचर्या बेहतर रखने की सलाह दी।
जिले में रविवार को 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जहां 25 चिकित्सकों और 66 पैरा मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर दवाइयां दी। इन आरोग्य मेलों में जहां पिछले सप्ताह भी करीब 1214 मरीज पहुंचे थे, वहीं इस बार 1330 मरीजों ने पहुंचकर उपचार कराया। इस बार 31 मरीज पहुंचे, जिनको जांच करके दवाई दी गई। लीवर में संक्रमण के पिछली बार 19 मरीज पहुंचे थे, लेकिन इस बार 30 मरीजों की जांच कर दवाई दी। मधुमेह के 146 मरीजों व पेट में संक्रमण के 60 मरीजों ने पहुंचकर उपचार कराया। त्वचा रोग के 140 मरीज मेलों में पहुंचे।
आरोग्य मेले में 152 बच्चों को भी जांच करके दवाई दी गई। वहीं टीबी के 18 मरीज संदिग्ध पहुंचे। सीएमओ डाॅ. तीरथलाल ने बताया कि मरीजों को बीमारियों की जांच के बाद दवाई देने के साथ ही दिनचर्या व खानपान बेहतर करने की सलाह दी जा रही है।