सतपाल शर्मा के परिजनों से वार्ता करते विधायक लोकेश दीक्षित।
- फोटो : amar ujala
बागपत में प्रधानाध्यापक सतपाल शर्मा की हत्या के मामले में सोमवार को उनके मकान पर बसपा विधायक लोकेश दीक्षित और पूर्व मंत्री नवाब कोकब हमीद के बेटे अहमद हमीद पहुंचे। उन्हें देखकर मृतक की पत्नी उर्मिला देवी और बेटी सीमा उनके सामने फूट-फूटकर रोई।
उन्होंने कहा विधायक जी पौने दो साल में बाप और बेटे को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस की लापरवाही से उनकी जान गई है। सीमा ने कहा अब उनके भाई सोनू और मां की जान खतरे में है। कभी भी उनकी जान जा सकती है। विधायक ने कहा ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। आपकी पूरी सुरक्षा की जाएगी।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद करने, सुरक्षा देने की मांग की। उन्होंने आश्वासन दिया आपकी सुरक्षा हमारी सुरक्षा है। पुलिस-प्रशासन मदद नहीं करता है तो आपको गाड़ी और सुरक्षा उनके स्तर मुहैय्या करा दी जाएगी।
हत्याकांड की गूंज पहुंची शासन तक
बागपत। सतपाल शर्मा की हत्या से बागपत के अफसर ही टेंशन में नहीं है, बल्कि उच्चाधिकारी भी परेशान हैं। आखिरकार इसकी गूंज शासन तक पहुंच गई है। इसको लेकर लखनऊ तक के अफसर टेंशन में हैं क्योंकि पीड़ित परिवार बागपत से लेकर लखनऊ तक के अफसरों से अनेकों बार गुहार लगा चुका है। इसके बावजूद यह वारदात हुई है।
अफसर यह जानना चाहते हैं आखिरकार सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने इस मामले में क्यों लापरवाही की है। जिससे सतपाल की जान गई है। पुलिस सूत्रों की माने तो लखनऊ से बागपत के अफसरों के पास लगातार फोन आ रहे हैं। वे केस की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।