विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगा लुहारी के ग्रामीणों ने विद्युत निगम के स्टोर (वर्कशाप) पर जमकर हंगामा काटा। उन्होंने कार्यशाला की तालाबंदी कर दी। पुलिस से भी उलझ गए। एसडीओ के आश्वासन के बाद ही वह लौटे।
किसानों का कहना था कि दो दिन से उनके गांव का 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंका हुआ था। जिसे किसानों ने कार्यशाला पर जमा करा दिया था, लेकिन उसके बदले दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं दिया जा रहा है।
ग्राम प्रधान राजपाल का आरोप है कि कार्यशाला में तैनात स्टोर कीपर बिना सुविधा शुल्क लिए ट्रांसफार्मर देने देने में आनाकारी कर रहे हैं, इसी बात को लेकर किसानों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को शांत करने का प्रयास किया तो वह उनसे भी उलझ गए।
बाद में एसडीओ स्टोर वहां पहुंचे और किसानों को बुधवार तक ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया इसके बाद किसान शांत हुए। कार्यशाला पर तैनात एसडीओ एमपी सिंह का कहना था कि वर्कशाप पर दलाली या सुविधा शुल्क वसूली बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि आदेश दे दिया गया है किसानों के साथ किसी प्रकार की नाइंसाफी न हो। उन्होंने कहा कि लापरवाही पर कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। यदि किसी के खिलाफ शिकायत मिलती है तो वह उसकी जांच कराएंगे।राजपाल प्रधान, वीरेंद्र, आजाद, आनंद, नवीन, भूरा, देशपाल, बबलू, किरणपाल, राजपाल, हरेन्द्र मौजूद रहे।