बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने कलक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के उप घटक पर डोप मोर क्रॉप माइक्रोगेशन एवं आरकेवीवाई वर्ष 2020-21 के कार्यक्रमों के संचालन एव भौतिक सत्यापन की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को योजना से सीधे जोड़ने के लिए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत खरीफ में फल क्षेत्र के विस्तार के लिए 20 हेक्टेयर लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसमें 15 हेक्टेयर में केला व पांच हेक्टेअर में अमरूद उगाने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना में ड्रिप सिंचाई के अंतर्गत 694 और स्प्रिंकलर सिंचाई के अंतर्गत 545 हेक्टयर का लक्ष्य मिला है। योजना में लघु सीमांत कृषकों को कुल लागत का 90 फीसदी तथा अन्य सामान्य किसनों को 80 फीसदी अनुदान दिया जाएगा। लक्ष्य के सापेक्ष 90 प्रतिशत पर कृषकों द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल यूपी एग्रीकल्चर डॉट कॉम पर पंजीकरण कराना होगा तथा लक्ष्य के सापेक्ष और दैनिक कार्यक्रम के लिए आवेदन प्रस्तुत करना होगा। बैठक में उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार, जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार भारती, जिला उद्यान अधिकारी दिनेश अरुण, जिला कृषि अधिकारी डॉ सूर्य प्रताप सिंह, उद्यान निरीक्षक सर्वेश चंद्र व किसान मौजूद रहे।