-रमाला मिल का लगा हुआ है क्रय केंद्र, कई दिन से नहीं हो रही तौल
फोटो-तीन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाहा। मौजिजाबाद नांगल गांव में चीनी मिल रमाला के गन्ना क्रय केंद्र सी पर तीन दिनों से तौल बंद पड़ी है। इसके विरोध मेंं किसानों ने प्रदर्शन किया और तौल शुरू नहीं होने पर मिल में धरना देने की चेतावनी दी।
उन्होंने बताया कि रमाला मिल की हालत खराब है और समय से गन्ना उठान तक नहीं कराया जाता है। गांव में गन्ना सी क्रय केंद्र लगा हुआ है। यहां पांच दिन पहले तौले गए गन्ने को अभी तक नहीं उठाया गया है।
तीन दिन से तौल भी बंद पड़ी है। जिस ठेकेदार को गन्ना उठाने के लिए ठेका दिया गया है, वह उठान नहीं करा रहा है। मिल से शिकायत करने के बाद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। गन्ना तौल समय से न होने के कारण किसान गेहूं की बुवाई भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही गन्ना उठान व तौल शुरू नहीं हुई तो मिल में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर पुष्पेंद्र, पंकज, देशकुमार, यशवीर, सुधीर, मोनू, कली, कल्लू शर्मा, नीटू मौजूद रहे। मुख्य गन्ना अधिकारी आरएस यादव ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। ठेकेदार से बात कर किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।