संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बिनौली मार्ग रेलवे फाटक के पास शुक्रवार को ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आकर महिला अमरेश की मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए।
नगर के बिनौली मार्ग स्थित साकेत कॉलोनी की रहने वाली अमरेश (55) किसी काम से अपने पति के साथ शनिवार को बाजार गई थी। वापस लौटते समय दोपहर करीब दो बजे दोनों पैदल ही बिनौली मार्ग पर रेलवे फाटक के पास ट्रैक पार कर रहे थे। इनकी नजर दिल्ली की ओर से आ रही मालगाड़ी पर नहीं पड़ी। ट्रैक पार करते समय अमरेश मालगाड़ी की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस व जीआरपी पहुंच गई, मगर परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। वहीं स्टेशन मास्टर सुरेश कुमार ने कहा कि मालगाड़ी की चपेट में आकर महिला की मौत हुई है।
-पहले भी हो चुकी छात्रा की मौत
बिजरौल मार्ग रेलवे फाटक के पास स्कूल जाते समय ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर एक छात्रा की मौत हो चुकी है। इसके बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक के पास लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से लोहे के सरियों का जाल लगवाया था। मगर, ओवरब्रिज निर्माण के कारण लोगों को मजबूरी में ट्रैक पार करना होता है।