-सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने दिया समस्या समाधान का आश्वासन
फोटो - 7
संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। बुढ़सैनी में किनौनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली के विरोध में रविवार को किसानों ने धरना दिया। साथ ही समस्या का समाधान न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। उधर, सूचना पर पहुंचे मिल अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
बुढ़सैनी गांव में किनौनी शुगर मिल का गन्ना क्रय केंद्र है। किसानों का कहना था कि क्रय केंद्र पर घटतौली की जा रही है। साथ ही विरोध करने पर किसानों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। किसानों ने शनिवार को भी घटतौली के विरोध में क्रय केंद्र पर हंगामा किया था। इसके अलावा किसानों की समय पर पर्ची भी जारी नहीं की जा रही है। किसानों का काफी गन्ना खेतों में खड़ा है, जिससे गेहूं की फसल की बुवाई प्रभावित हो सकती है। रविवार को किसानों ने क्रय केंद्र पर घटतौली के विरोध में धरना दिया। उन्होंने समस्या का समाधान न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। सूचना पर पहुंचे मिल के राजीव चौधरी और प्रवीण तोमर ने किसानों को समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुरेंद्र यादव, प्रधान अजय यादव, संजय, संदीप, उमेश, ऋषिपाल, अनु प्रधान, ओमपाल मौजूद रहे।