- कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में किसानों ने विजिलेंस पर छापा मारकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया
- अवैध वसूली करने वाले तीन विभागीय लोगों के नाम सामने आए, डीएम ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
- किसानों ने खराब खाद देने और बाजार में नकली पशु आहार बिकने जैसे समस्याएं भी उठाईं
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। ऊर्जा निगम की विजिलेंस टीम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए किसानों ने डीएम राजकमल और अन्य अधिकारियों के सामने ही हंगामा किया। तीन विभागीय लोगों के नाम भी सामने आए, जो किसानों से जांच के नाम पर अवैध वसूली कर रहे है। डीएम ने तीनों के खिलाफ जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसानों ने खराब खाद देने और बाजार में नकली पशु आहार बिकने जैसे समस्याएं भी उठाईं।
कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को किसान बैठक आयोजित की गई। इसमें सबे पहले बिजली का मुद्दा उठाया गया। किसानों ने बताया तेज हवा चलते ही तार टूट जाते हैं, जिन्हें कई-कई दिन तक ठीक नहीं किया जाता। भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर ने आरोप लगाया कि विजिलेंस टीम और बिजली कर्मी मिलकर छापा मारते हैं। लोगों को डराकर ब्लैकमेल करते हैं। इस पर डीएम राजकमल यादव ने कहा कि यह मामला पहले संज्ञान में आया था। इसकी जांच कराई गई तो विजिलेंस व ऊर्जा निगम के ऐसे तीन कर्मियों का पता चला है, जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। बिजेंद्र प्रधान ने कहा कि कनेक्शन देते हुए एक-एक किलोवाट की रसीद काटी गई, लेकिन अब ऊर्जा निगम ने लोड खुद ही बढ़ाकर दो किलोवाट कर दिया है। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएं। एसई ने कहा कि लोड को देखकर बढ़ाया जाता है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्या एक बार लोड बढ़ने पर उसे नियमित बढ़ा दिया जाता है। ऐसा किया गया है या बिना लोड बढ़े ही उसे बिल में बढ़ा दिया गया है तो ऐसा करने वालों पर जरूर कार्रवाई होगी।
इस दौरान भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष नितिन चौधरी, विक्रम राणा, युवा जिलाध्यक्ष हिम्मत सिंह, रोहित धनकड़ प्रधान, सुल्तानपुर हटाना के प्रधान सचिन, राजू सिरसली, विनोद खेड़ा, मुनेश बरवाला, मास्टर सुरेश राणा, नरेश तोमर, रोहित, इंद्रपाल सिंह, हरेंद्र दांगी, सोमपाल, धर्मपाल आदि मौजूद रहे।
नलकूपों पर मीटर लगाने का किया विरोध
किसानों ने बैठक में नलकूपों पर मीटर लगाने का विरोध किया। डीएम ने सभी से उसका कारण पूछा। किसानों ने बताया कि जिस तरह से अब घरों में मीटर लगाने पर समस्या आ रही हैं, इसी तरह नलकूप पर मीटर लगने पर समस्याएं आएगी। डीएम ने कहा कि किसी को समस्या नहीं होगी और किसी से कोई बिल भी ज्यादा नहीं लिया जाएगा।
नहरों में पानी नहीं आने की समस्या उठाई
किसानों ने नहरों और रजबहों में पानी नहीं आने की समस्या उठाई। इस पर अधिकारियों ने कहा कि 15 दिन से स्थिति काफी खराब है। इस बारे में लगातार बातचीत चल रही हैं। पहली बारिश के बाद ही समस्या दूर होती दिख रही हैं।
खाद लेकर पहुंचा किसान, डीएम के सामने रखने पर गहमागहमी
मौजिजाबाद नांगल गांव निवासी किसान जितेंद्र शर्मा एक पॉलीथिन में खाद लेकर आया था। उसने वह पॉलीथिन डीएम के सामने रखते हुए बताया कि सहकारी समिति दोघट से पांच कट्टे खाद लेकर आया था। घर आकर देखा तो खाद खराब निकला। इस पर डीएम के साथ उसकी गहमागहमी भी हुई। डीएम ने वह सभी कट्टे मंगवाने को कहा, जिससे इसकी जांच कराकर कार्रवाई कर सके।
किसानों ने ये समस्याएं भी उठाईं
- लावारिस पशुओं के फसल खराब करने की समस्या
- गन्ना भुगतान नहीं हो रहा है। बीमारों व शादी वालों को पहले गन्ना भुगतान कराया जाएं
- बाजार में पशुओं के लिए नकली आहर बिक रहा है। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएं
- जिला अस्पताल में ऑपरेशन के रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई